हिमाचल मे मस्जिदों को लेकर उत्पन्न किया गया विवाद अभी शांत नहीं हुआ कि अब मुंबई में मौजूद धारावी में इन दिनों मकामी लोगों में मस्जिद को बचाने के लिए बेचैनी है। मुंबई नगर निकाय (BMC) झुग्गी वाले इलाके में मौजूद मस्जिद का एक हिस्सा तोड़ना चाहता है, लेकिन इलाके के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जब BMC मस्जिद का कथित एक हिस्सा तोड़ने की योजना बना रहा था तभी इलाके के सैकड़ों लोगों ने सड़क जाम की और मस्जिद के हिस्से को तोड़ने का विरोध किया।
BMC के एक अधिकारी के मुताबिक हालात न बिगड़ें इसके लिए इलाके में बड़ी तादाद में पुलिस की तैनाती की गई। पुलिस के मुताबिक "BMC की एक टीम शनिवार को सुबह 9 बजे महबूब-ए-सुब्हानी मस्जिद का एक हिस्सा तोड़ने पहुंची जो कथित तौर पर गैरकानूनी है। टीम जैसे ही 90 फीट रोड पर पहुंची वहां बड़ी तादाद में इलाके के लोग इकट्ठा हो गए और अधिकारियों को मस्जिद वाले इलाके में जाने से रोक दिया। "